पीयू के पीएचडी स्कॉलर सरताज सिंह को मिला कर्मवीर चक्र गोल्ड मेडल, विश्वविद्यालय का बढ़ाया गौरव

  • रचनात्मक लेखन और साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए फरीदाबाद में रैक्स इंटरनेशनल कॉन्क्लेव के दौरान किया गया सम्मानित

चंडीगढ़, 28 नवंबर। पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ के सेंटर फॉर द स्टडी ऑफ सोशल इंक्लूजन में राजनीति विज्ञान विषय के पीएचडी शोधार्थी सरताज सिंह ने अपनी उपलब्धियों से विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया है। उन्हें रचनात्मक लेखन और साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए फरीदाबाद में आयोजित रैक्स इंटरनेशनल कॉन्क्लेव में संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा स्थापित प्रतिष्ठित कर्मवीर चक्र गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके साहित्यिक योगदान, रचनात्मक लेखन के प्रति समर्पण और उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए प्रदान किया गया।

सरताज सिंह की शैक्षणिक और साहित्यिक उपलब्धियों की सूची काफी लंबी है। इससे पहले उन्हें भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय की ओर से प्रतिष्ठित प्रधानमंत्री युवा लेखक पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। इस पुरस्कार के तहत उन्हें तीन लाख रुपये की नकद राशि भी प्रदान की गई थी। लेखन के क्षेत्र में उनकी प्रतिभा का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि वह देशभर के विभिन्न कॉलेजों और विश्वविद्यालयों द्वारा आयोजित 100 से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय निबंध लेखन प्रतियोगिताओं में विजेता रह चुके हैं। उनकी इन उपलब्धियों के चलते वर्ष 2022 में उनका नाम इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में भी दर्ज हुआ था।

साहित्यिक और शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ सरताज सिंह सांस्कृतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में भी सक्रिय हैं। वह पंजाब विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवक हैं। एनएसएस में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें विश्वविद्यालय की ओर से रोल ऑफ ऑनर प्रदान किया जा चुका है। इसके अलावा विश्वविद्यालय के कुलपति द्वारा उन्हें बेस्ट ऑल राउंडर यूनिवर्सिटी स्टूडेंट अवॉर्ड, राष्ट्रपति डॉ. शंकर दयाल शर्मा गोल्ड मेडल और डॉ. हजारी प्रसाद द्विवेदी गोल्ड मेडल से भी सम्मानित किया जा चुका है।

नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में प्रधानमंत्री युवा लेखक पुरस्कार से जुड़े एक आधिकारिक कार्यक्रम के दौरान उन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ संवाद करने का अवसर भी मिला था। इस दौरान उन्होंने अपनी साहित्यिक उपलब्धियों और लेखन यात्रा के बारे में विचार साझा किए। इसके अतिरिक्त, हरियाणा और पंजाब के राज्यपालों की ओर से भी उन्हें उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र दिए जा चुके हैं। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया था।

दैनिक जागरण समाचार पत्र की ओर से आयोजित राष्ट्रीय हिंदी निबंध लेखन प्रतियोगिता में सरताज सिंह ने कॉलेज एवं विश्वविद्यालय श्रेणी में देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। इस उपलब्धि के लिए उन्हें 75 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। इसके अलावा पंजाब विश्वविद्यालय के युवा महोत्सव में भी उन्होंने निबंध लेखन प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार हासिल किया।

साहित्य और भाषा के प्रचार-प्रसार में उनके योगदान को देखते हुए हरियाणा सरकार की हरियाणा पंजाबी साहित्य अकादमी ने उन्हें पंजाबी भाषा के प्रचार-प्रसार के लिए युवा ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया है। वहीं, डॉ. बीआर अंबेडकर विश्वविद्यालय सामाजिक विज्ञान, मध्य प्रदेश की ओर से आयोजित राष्ट्रीय स्तर की निबंध लेखन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने पर उन्हें सावित्रीबाई फुले उत्कृष्ट विद्यार्थी पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है।

सरताज सिंह की इस उपलब्धि पर चंडीगढ़ के पूर्व महापौर एवं पंजाब विश्वविद्यालय के पूर्व सीनेट सदस्य देवेश मोदगिल ने उन्हें बधाई दी। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सरताज सिंह के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उम्मीद जताई कि वह आगे भी साहित्य एवं रचनात्मक लेखन के क्षेत्र में इसी तरह उत्कृष्ट योगदान देते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *