प्रदेश का सबसे बड़ा आधुनिक विश्राम गृह 120 करोड़ रुपये की लागत से कुरुक्षेत्र में बनेगा : नायब सिंह सैनी

  • ब्रह्मसरोवर के पश्चिमी तट पर 6.5 एकड़ में होगा निर्माण, पर्यटक पुलिस थाना भी खुलेगा; अग्निशमन विभाग को 26 नए वाहन मिले

कुरुक्षेत्र, 21 नवंबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कुरुक्षेत्र में 120 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला आधुनिक विश्राम गृह प्रदेश का सबसे बड़ा विश्राम गृह होगा। ब्रह्मसरोवर के निकट तीन एकड़ में पर्यटक पुलिस थाना भी स्थापित किया जाएगा, जिसमें 100 पुलिसकर्मी और सहायक कर्मचारी तैनात होंगे। इन्हें व्यवहार कौशल, सांस्कृतिक संवेदनशीलता और विभिन्न भाषाओं का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री शनिवार को ब्रह्मसरोवर के पश्चिमी तट पर लगभग साढ़े छह एकड़ में बनने वाले आधुनिक लोक निर्माण विश्राम गृह के शिलान्यास समारोह में बोल रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने परियोजना का भूमि पूजन किया। इसके साथ ही हरियाणा अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए लगभग तीन करोड़ रुपये की लागत से खरीदे गए 26 रिकवरी वैन एवं कमांड एंड कंट्रोल वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कार्यक्रम में गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज और पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा भी उपस्थित रहे। वित्तायुक्त डॉ. सुमिता मिश्रा तथा लोक निर्माण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव एके सिंह ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुरुक्षेत्र की पावन धरती पर मर्यादा, मार्गदर्शन और महाभारत की अमर गाथा समाहित है। यहां रखी जाने वाली हर नींव केवल ईंट और सीमेंट की नींव नहीं होती, बल्कि उसमें आस्था, संकल्प और जनसेवा का भाव जुड़ा होता है। दोनों परियोजनाएं कुरुक्षेत्र के विकास और प्रदेश की आपातकालीन सेवाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में महत्त्वपूर्ण कदम हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियां बढ़ रही हैं और ऊंची इमारतों का निर्माण हो रहा है। ऐसे में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की चुनौतियां भी बदल रही हैं। इन्हीं जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नए छोटे और बहुउपयोगी वाहन खरीदे गए हैं।

इन वाहनों में पोर्टेबल पंप, श्वसन उपकरण और प्रकाश व्यवस्था के लिए टावर जैसे जरूरी उपकरण उपलब्ध होंगे। बड़े हादसों के दौरान ये वाहन मौके पर कमान एवं नियंत्रण की जिम्मेदारी भी संभालेंगे। इससे राहत कार्यों में तेजी आएगी और जान-माल के नुकसान को कम करने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने अग्निशमन कर्मियों के साहस और समर्पण की सराहना की।

पांच मंजिला मुख्य भवन सहित तीन इमारतें बनेंगी

मुख्यमंत्री ने बताया कि ब्रह्मसरोवर के पश्चिमी तट पर बनने वाला आधुनिक लोक निर्माण विश्राम गृह लगभग दो लाख वर्ग फुट क्षेत्र में विकसित किया जाएगा। परियोजना के तहत तीन भवनों का निर्माण होगा। इनमें पांच मंजिला मुख्य विश्राम गृह, कर्मचारियों एवं चालकों के लिए अलग विश्राम गृह तथा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के लिए छह आवासीय क्वार्टर शामिल हैं।

विश्राम गृह में आरामदायक कमरे, सम्मेलन कक्ष, समिति कक्ष, बहुउद्देशीय सभागार, भोजनालय, कैफेटेरिया, स्वास्थ्य एवं आरोग्य केंद्र और छत पर भोजन की सुविधा होगी। बेसमेंट में लगभग 40 वाहनों की पार्किंग बनाई जाएगी। परियोजना को 24 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत ढांचे में कुरुक्षेत्र को मिली नई पहचान

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कुरुक्षेत्र सदियों से आस्था और आध्यात्मिकता की नगरी रहा है। पिछले 12 वर्षों में प्रदेश सरकार ने इसे धार्मिक पहचान के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और आधुनिक आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में भी नई पहचान दिलाई है।

उन्होंने कहा कि देश का पहला आयुष विश्वविद्यालय श्रीकृष्ण आयुष विश्वविद्यालय कुरुक्षेत्र में स्थापित है। उत्तर भारत का पहला राष्ट्रीय डिजाइन संस्थान उमरी में बनाया गया है। रोहतक के बाद देश का दूसरा एलिवेटेड रेलवे ट्रैक कुरुक्षेत्र में लगभग 400 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 17 जुलाई को इसका लोकार्पण किया, जिससे शहर के पांच रेलवे फाटक समाप्त हो गए और लोगों को बड़ी राहत मिली।

उन्होंने कहा कि गीता जयंती को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए हरियाणा अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती मेला प्राधिकरण का गठन किया गया है। कुरुक्षेत्र के यातायात को सुगम बनाने के लिए 28 किलोमीटर लंबा बाईपास भी बनाया जाएगा, जिसकी मंजूरी मिल चुकी है। यह बाईपास कैथल रोड से शुरू होकर राष्ट्रीय राजमार्ग-44 को पार करते हुए मथाना के पास कुरुक्षेत्र-यमुनानगर रोड से जुड़ेगा।

विश्वस्तरीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन केंद्र बनेगा कुरुक्षेत्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश अपनी गौरवशाली विरासत पर गर्व कर रहा है। सोमनाथ, काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर, उज्जैन का महाकाल लोक और सागर में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी का भव्य स्मारक सांस्कृतिक गौरव के प्रतीक हैं।

इसी भावना के साथ प्रदेश सरकार कुरुक्षेत्र को विश्वस्तरीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित कर रही है। सरकार का मंत्र आस्था के साथ सुविधा, पर्यटन के साथ रोजगार और विरासत के साथ विकास है। अधिक संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आने से होटल संचालकों, दुकानदारों, छोटे व्यापारियों, टैक्सी एवं ऑटो चालकों, हस्तशिल्पियों और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। कुरुक्षेत्र का विकास यहां के प्रत्येक परिवार की खुशहाली से जुड़ा है।

कुरुक्षेत्र का आकर्षण विश्वभर में बढ़ा : ज्ञानानंद महाराज

गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सवों की भूमिका से विश्वभर में कुरुक्षेत्र का आकर्षण बढ़ा है। कुरुक्षेत्र का गीता उपदेश के अलावा पौराणिक महत्त्व भी है। गीता जयंती पर अब 40 से 50 लाख तक श्रद्धालु पहुंचते हैं, जिससे गीता स्थली कुरुक्षेत्र विश्वभर में आकर्षण का केंद्र बन रही है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए कुरुक्षेत्र में विशाल विश्राम गृह की आवश्यकता थी। यह विश्राम गृह कुरुक्षेत्र के लिए बड़ा उपहार साबित होगा। कार्यक्रम में वित्तायुक्त डॉ. सुमिता मिश्रा, लोक निर्माण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव एके सिंह, पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, चेयरमैन रविंद्र सांगवान, चेयरमैन गुरनाम सिंह सैनी, चेयरमैन सुभाष कलसाना सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *