एमसीएम में मेलो के 29वें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का समापन, साहित्य के माध्यम से शांति एवं सह-अस्तित्व पर मंथन

चंडीगढ़, 22 नवंबर। मेहर चंद महाजन डीएवी कॉलेज फॉर विमेन में सोसाइटी फॉर द स्टडी ऑफ द मल्टी-एथनिक लिटरेचर्स ऑफ द वर्ल्ड (मेलो) के 29वें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का समापन हुआ। ‘शांति के लिए साहित्य: सह-अस्तित्व के आख्यान’ विषय पर आयोजित तीन दिवसीय सम्मेलन में साहित्य के माध्यम से विभिन्न संस्कृतियों के बीच शांति, पारस्परिक समझ और सह-अस्तित्व को बढ़ावा देने पर चर्चा हुई।

सम्मेलन में शिक्षाविदों, विद्वानों, शोधकर्ताओं और प्रतिभागियों ने भाग लिया। छात्राओं ने भी विभिन्न सत्रों में सक्रिय सहभागिता की।

अंतिम दिन पांच समानांतर अकादमिक सत्र आयोजित किए गए, जिनकी अध्यक्षता डॉ. हरनीत कौर, डॉ. नम्रता पथानिया, डॉ. रेणुका ध्यानी, डॉ. विदुषी शर्मा और डॉ. सुमना चक्रवर्ती ने की। इनमें शोधकर्ताओं ने अपने शोध पत्र प्रस्तुत किए और विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया।

सर्वश्रेष्ठ शोध पत्र के लिए आइजैक सिकेरा मेमोरियल पुरस्कार विद्याशिल्प विश्वविद्यालय, बेंगलुरु की सहायक प्रोफेसर डॉ. नेहा खुराना को प्रदान किया गया।

समापन समारोह में कार्यवाहक प्राचार्या नीना शर्मा ने साहित्य के माध्यम से समकालीन चुनौतियों को समझने और अकादमिक संवाद को निरंतर बनाए रखने पर बल दिया। मेलो की अध्यक्ष प्रोफेसर मंजू जैदका ने प्रतिभागियों की सराहना करते हुए युवा शोधकर्ताओं को अकादमिक सहयोग जारी रखने के लिए प्रेरित किया। समापन सत्र एवं आम सभा की बैठक प्रोफेसर रोशन लाल शर्मा की अध्यक्षता में हुई।

सम्मेलन में साहित्य की भूमिका को शांति, सांस्कृतिक समन्वय और समावेशी समाज के निर्माण के लिए महत्वपूर्ण बताया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *