प्रभु राम के जीवन से हमें प्रेरणा लेकर आगे बढऩा चाहिए- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

भूमि पूजन एवं शिलान्यास समारोह में पहुंचे नायब सिंह सैनी, बोले— प्रभु श्रीराम के जीवन से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहिए

अंबाला.  हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि मां अंबा की पावन धरती पर आस्था का नया अध्याय लिखा जा रहा है। अंबाला में बनने वाला भगवान श्रीराम का मंदिर अयोध्या के भव्य राम मंदिर की तर्ज पर बनाया जाएगा। मंदिर निर्माण पूरा होने के बाद यहां आने वाले श्रद्धालुओं को अयोध्या की झलक और रामलला की अनुभूति होगी। मुख्यमंत्री ने मंदिर निर्माण के लिए 51 लाख रुपये देने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री शनिवार को अंबाला शहर स्थित भगवान श्रीराम मंदिर परिसर में भूमि पूजन एवं शिलान्यास समारोह में पहुंचे। जूनापीठाधीश्वर आचार्य अवधेशानंद महाराज के सानिध्य में मंत्रोच्चारण के साथ भूमि पूजन किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आचार्य अवधेशानंद महाराज के आशीर्वाद से आयोजन की गरिमा और बढ़ गई है। किसी का धन, किसी का श्रम और किसी की निस्वार्थ सेवा, इन तीनों के मेल से ऐसे पुण्य कार्य साकार होते हैं। उन्होंने कहा कि हम सौभाग्यशाली हैं कि हमने रामलला के मंदिर को अपनी आंखों के सामने बनते देखा है। अनेक रामभक्तों ने इसके लिए संघर्ष किया और अपना जीवन इस संकल्प को समर्पित कर दिया। उन्होंने सभी की तपस्या, त्याग और बलिदान को नमन किया।

उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण के दौरान घर-घर दीप जले, गांव-गांव भजन गूंजे और पूरा देश राममय हो गया। अयोध्या में राम मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वजा फहराए जाने से भारत की आस्था और संस्कृति का गौरव विश्वभर में प्रदर्शित हुआ। प्रभु श्रीराम केवल अयोध्या तक सीमित नहीं हैं, बल्कि कण-कण और हर भक्त के हृदय में बसते हैं। अयोध्या के भव्य मंदिर से प्रेरणा लेकर अंबाला में भी यह मंदिर आकार ले रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभु श्रीराम के जीवन से प्रेरणा लेकर हमें आगे बढ़ना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने ऐसे कार्य किए हैं, जिनकी पहले कल्पना भी नहीं की जाती थी। अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाना, तीन तलाक की प्रथा समाप्त करना और नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई जैसे कार्यों का उन्होंने उल्लेख किया।

उन्होंने विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए सभी से मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। मंदिर निर्माण के लिए दीवान मंगत राय रामा मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा भूमि उपलब्ध करवाने की भी सराहना की। मुख्यमंत्री ने प्रभु श्रीराम से मंदिर निर्माण कार्य निर्विघ्न पूरा होने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि यह मंदिर आने वाली पीढ़ियों के लिए आस्था और संस्कारों का केंद्र बनेगा।

राम भारतीय संस्कृति के प्राण : अवधेशानंद महाराज

जूनापीठाधीश्वर आचार्य अवधेशानंद महाराज ने मुख्यमंत्री की सराहना करते हुए उन्हें कर्मशील और अपने ध्येय के प्रति प्रतिबद्ध व्यक्तित्व बताया। उन्होंने मंदिर शिलान्यास की सभी को बधाई दी।

उन्होंने कहा कि राम भारतीय संस्कृति के प्राण, चेतना और मेरुदंड हैं। राम केवल नाम नहीं, बल्कि धर्म, सत्य, मर्यादा, पराक्रम और पुरुषार्थ के प्रतीक हैं। राम कथा का प्रसंग सुनाते हुए उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम धर्म के साक्षात स्वरूप हैं। राम नाम के स्मरण से निराश और निर्बल व्यक्ति के जीवन में भी ऊर्जा, चेतना और आत्मविश्वास का संचार होता है।

मंदिर निर्माण में सहयोग की अपील

दीवान मंगत राय रामा मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट के मुख्य संरक्षक एवं उत्तर क्षेत्र के संघचालक पवन जिंदल ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मंदिर समाज को जोड़ने और संस्कार देने का केंद्र बनेगा। उन्होंने लोगों से अपनी स्वेच्छा से आमदनी का एक प्रतिशत मंदिर निर्माण में योगदान देने की अपील की।

पूर्व राज्यमंत्री असीम गोयल ने भी मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए मंदिर निर्माण को अंबाला के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने ट्रस्ट के प्रयासों की सराहना की और कहा कि भव्य मंदिर बनने से शहर का गौरव बढ़ेगा।

ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेश कुमार अग्रवाल ने बताया कि मंदिर परिसर में वर्षों से कीर्तन और आरती होती आ रही है। संस्था ने यहां भव्य मंदिर निर्माण का संकल्प लिया है। मंदिर का निर्माण दो चरणों में होगा। इसमें मंदिर के साथ एक सभागार बनाया जाएगा, जिसमें एक हजार लोगों के बैठने की क्षमता होगी। इसके अलावा लंगर हॉल भी बनाया जाएगा। उन्होंने मंदिर निर्माण के लिए आर्थिक सहयोग देने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया।

कार्यक्रम में धार्मिक गायक विवेक सबलोक ने भगवान श्रीराम के भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध किया।

इस अवसर पर मेयर अक्षिता सैनी, उपायुक्त सचिन गुप्ता, पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह सेखावत, पूर्व मंत्री असीम गोयल, पवन जिंदल, भाजपा जिला अध्यक्ष मनदीप राणा, ट्रस्ट अध्यक्ष नरेश कुमार अग्रवाल, उपाध्यक्ष एडी गांधी, महासचिव ओंकार सिंह, बंतो कटारिया, अनुभव अग्रवाल, प्रदीप खेड़ा, नीता खेड़ा, विनोद, सुधीर गुप्ता, सतीश गुप्ता, रितेश गोयल, मक्खन सिंह लबाणा, स्वर्ण सिंह सैनी, जगमोहन लाल कमार सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *