चंडीगढ़। स्वर सप्तक सोसाइटी के तत्वावधान में रविवार को गवर्नमेंट म्यूजियम एंड आर्ट गैलरी, सेक्टर-10, चंडीगढ़ में लेखिका डॉ. संगीता लाहा चौधरी की पुस्तक ‘त्योहारों और धुनों का एशिया’ का लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आर.के. गोयल, सेवानिवृत्त प्रोफेसर (भौतिकी), गवर्नमेंट पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज, सेक्टर-11, चंडीगढ़ थे। समारोह की अध्यक्षता साहित्यकार प्रेम विज ने की, जबकि डॉ. सरिता मेहता विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। के.के. शारदा, डॉ. विनोद कुमार शर्मा तथा बलकार सिद्धू सम्मानित अतिथि के रूप में शामिल हुए। सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से पुस्तक का लोकार्पण किया और लेखिका को शुभकामनाएं दीं। पुस्तक का प्रकाशन सृष्टि प्रकाशन ने किया है।
पुस्तक के बारे में जानकारी देते हुए डॉ. संगीता लाहा चौधरी ने बताया कि इसमें एशिया के विभिन्न देशों के प्रमुख त्योहारों और उनसे जुड़े संगीत को शामिल किया गया है। पुस्तक में दक्षिण एशिया, दक्षिण-पूर्व एशिया और पूर्वी एशिया के देशों की सांस्कृतिक परंपराओं, उत्सवों और उनसे संबंधित संगीत का विस्तार से वर्णन किया गया है।
इस अवसर पर डॉ. संगीता ने सिंगापुर के एक त्योहार से जुड़ा गीत ‘लो हे शुन शि’ गाकर भी सुनाया। उन्होंने बताया कि पुस्तक के शोध एवं लेखन के सिलसिले में उन्होंने फिलीपींस, इंडोनेशिया, कंबोडिया, वियतनाम, मलेशिया, चीन, मंगोलिया और श्रीलंका सहित 13 देशों की यात्रा की। इन देशों के स्थानीय लोगों ने उनके शोध कार्य में भरपूर सहयोग दिया। उनके इस कार्य के लिए विभिन्न देशों में उन्हें सम्मानित किया गया और कई पुरस्कार भी प्रदान किए गए।
