तीन साहित्यिक संस्थाओं के संयुक्त आयोजन में तीन पुस्तकों का विमोचन, 85 साहित्यकार सम्मानित

चंडीगढ़। साहित्यिक संस्था एहसास, अंतर्राष्ट्रीय प्रेरणा साहित्य एवं शोध संस्थान कुरुक्षेत्र तथा अखिल भारतीय प्रज्ञा साहित्यिक मंच रोहतक के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित साहित्यिक समारोह में डॉ. जय भगवान सिंगला की पुस्तक ‘बेटी का धन’, डॉ. मधु कांट की 267वीं पुस्तक ‘डॉ. मधु कांत की श्रेष्ठ कहानियां’ तथा प्रो. डॉ. अंजना गर्ग की रक्तदान पर आधारित कविताओं की पुस्तक ‘रक्त पुष्प’ का विमोचन प्रो. बाबूराम के मार्गदर्शन में किया गया। समारोह में गुरुग्राम के 85 प्रतिष्ठित साहित्यकारों को सम्मानित किया गया। दो अस्वस्थ वरिष्ठ साहित्यकारों डॉ. कृष्ण लता यादव एवं श्रीमती सरोज को उनके घर जाकर सम्मान प्रदान किया गया।

इस अवसर पर डॉ. मधु कांत ने कहा कि समाज को शिक्षित एवं संस्कारवान बनाने के लिए साहित्यकारों का सम्मान आवश्यक है। प्रो. बाबूराम ने कहा कि साहित्यिक संस्थाएं वह कार्य कर रही हैं, जो वास्तव में साहित्य अकादमियों का दायित्व है। प्रो. डॉ. अंजना गर्ग ने सम्मान देने की भावना को बड़े दिल की निशानी बताया और डॉ. मधु कांत के साहित्यकारों को सम्मानित करने के योगदान की सराहना की। डॉ. जय भगवान सिंगला ने कहा कि सामाजिक विकृतियों, टूटते संयुक्त परिवारों और वैवाहिक जीवन में बढ़ती दरारों को रोकने तथा संस्कृति एवं परंपराओं को जीवित रखने के लिए साहित्यकारों को सार्थक लेखन करना चाहिए। मंच संचालन एहसास संस्था की गुरुग्राम शाखा के जिला अध्यक्ष डॉ. मोहन कृष्ण ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *