डॉ. रेखा मित्तल के काव्य संग्रह ‘मुखरित मौन’ का विमोचन

  • साहित्यिक यात्रा पर आधारित वृत्तचित्र प्रदर्शित, रचित गीत के ऑडियो-वीडियो का भी हुआ लोकार्पण

चंडीगढ़। पंजाब कला भवन में रविवार को शहर की प्रतिष्ठित साहित्यकार डॉ. रेखा मित्तल के नवीन काव्य संग्रह ‘मुखरित मौन’ का विमोचन समारोह आयोजित किया गया। पुस्तक का विमोचन हरियाणा साहित्य एवं संस्कृत अकादमी के कार्यकारी उपाध्यक्ष एवं मुख्य अतिथि डॉ. कुलदीप चंद्र अग्निहोत्री ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता चंडीगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष डॉ. मनमोहन सिंह ने की, जबकि वरिष्ठ साहित्यकार, छायाकार एवं चित्रकार डॉ. ओमप्रकाश कादयान विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि डॉ. कुलदीप चंद्र अग्निहोत्री ने कहा कि साहित्य संवेदनाओं, विचारों और अनुभवों की अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम है। डॉ. रेखा मित्तल का काव्य संग्रह ‘मुखरित मौन’ समाज और जीवन के उन पक्षों को स्वर देता है, जो किसी कारणवश अनकहे रह जाते हैं।

अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. मनमोहन सिंह ने कहा कि साहित्य की सार्थकता उसकी संवेदनशील दृष्टि और समाज से जुड़ाव में निहित है। उन्होंने डॉ. रेखा मित्तल की साहित्यिक साधना की सराहना करते हुए कहा कि उनकी रचनाएं पाठकों को आत्मचिंतन और भावनात्मक संवाद के लिए प्रेरित करती हैं।

विशिष्ट अतिथि डॉ. ओमप्रकाश कादयान ने लेखिका की रचनात्मक प्रतिभा और साहित्य के प्रति समर्पण की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि डॉ. रेखा मित्तल का लेखन भावों की सहजता, संवेदनशीलता और जीवन के विविध अनुभवों को अभिव्यक्त करने की क्षमता से समृद्ध है।

इस अवसर पर डॉ. रेखा मित्तल द्वारा रचित एक गीत के ऑडियो-वीडियो का भी मुख्य अतिथि ने लोकार्पण किया। इसके साथ ही उनकी साहित्यिक यात्रा, रचनात्मक उपलब्धियों और लेखन के विभिन्न पड़ावों पर आधारित वृत्तचित्र प्रदर्शित किया गया। वृत्तचित्र के माध्यम से उपस्थित साहित्य प्रेमियों को लेखिका की सृजनात्मक यात्रा से रूबरू होने का अवसर मिला।

‘अभिव्यक्ति’ संस्था के अध्यक्ष विजय कपूर तथा चंडीगढ़ साहित्य अकादमी के उपाध्यक्ष डॉ. अनीश गर्ग ने पुस्तक पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने काव्य संग्रह की विषयवस्तु, भाव संवेदना और काव्यात्मक अभिव्यक्ति की सराहना की।

कार्यक्रम का मंच संचालन प्रख्यात उद्घोषक, लेखक एवं संपादक डॉ. प्रदीप राठौर ने किया। समारोह में ट्राइसिटी के साहित्यकारों के अलावा पालमपुर, हरिद्वार, दिल्ली और नोएडा सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए साहित्य प्रेमियों ने भाग लिया। उपस्थित लोगों ने डॉ. रेखा मित्तल के साहित्यिक प्रयासों की सराहना करते हुए उनकी काव्य यात्रा के निरंतर विस्तार की कामना की।

उल्लेखनीय है कि डॉ. रेखा मित्तल की अब तक पांच पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं, जिनमें तीन काव्य संग्रह और दो कहानी संग्रह शामिल हैं। उनका काव्य संग्रह ‘नेह के धागे’ चंडीगढ़ साहित्य अकादमी की ओर से ‘बेस्ट बुक ऑफ द ईयर’ सम्मान से अलंकृत हो चुका है।

कार्यक्रम में अभिव्यक्ति, सीएलएस, नोवेल बंच, पंजाबी लेखक सभा, साहित्य विज्ञान केंद्र, काव्य कदम, संवाद साहित्य मंच, संस्कार भारती, चंडीगढ़ महिला काव्य मंच, साइकिलगिरी और चंडीगढ़ वैल्यूएबल सहित विभिन्न साहित्यिक एवं सामाजिक संस्थाओं से जुड़े प्रतिनिधियों और सदस्यों ने सहभागिता की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *