- सीएम पद पर अकाली दल का रहेगा दावा, सीट बंटवारे में 50-67 के फॉर्मूले की चर्चा
नई दिल्ली। आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले राज्य की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने एक बार फिर मिलकर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने संयुक्त पत्रकार वार्ता में गठबंधन की आधिकारिक घोषणा की।
इस दौरान अमित शाह ने मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने संकेत दिया कि पंजाब में गठबंधन की सरकार बनने पर मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी अकाली दल के पास रह सकती है।
अकाली दल रहेगा बड़े भाई की भूमिका में
संयुक्त पत्रकार वार्ता के दौरान जब अमित शाह से पूछा गया कि गठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद का चेहरा किस पार्टी से होगा, तो उन्होंने कहा कि जो बड़ा भाई होता है, वही मुख्यमंत्री बनता है और पंजाब में जो भी बड़ा भाई होगा, वही मुख्यमंत्री बनेगा। उनके इस बयान को अकाली दल की अगुवाई में गठबंधन चुनाव लड़ने के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
हालांकि, दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। इस बीच राजनीतिक गलियारों में 50-67 के संभावित फॉर्मूले की चर्चा है। इसके तहत भाजपा 50 विधानसभा सीटों पर और अकाली दल 67 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार सकता है। हालांकि, इस संबंध में दोनों दलों की ओर से अंतिम फैसला सामने आना बाकी है।
नशे और गैंगस्टरों पर कार्रवाई होगी प्राथमिकता
गठबंधन के चुनावी एजेंडे पर बात करते हुए अमित शाह ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की सरकारों में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने बताया कि दोनों दलों के बीच पंजाब से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई है और इन विषयों पर दोनों पार्टियां सहमत हैं।

शाह ने कहा कि पंजाब को नशा मुक्त बनाना, सीमावर्ती राज्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना, कानून-व्यवस्था मजबूत करना और सक्रिय आपराधिक गिरोहों का सफाया करना गठबंधन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ये मुद्दे दोनों दलों के चुनावी घोषणापत्र में भी प्रमुखता से शामिल रहेंगे।
किसानों और युवाओं के लिए तैयार किया रोडमैप
अमित शाह ने बताया कि पिछले तीन महीनों के दौरान नितिन नवीन और सुखबीर सिंह बादल के बीच पंजाब के किसानों की समस्याओं, राज्य की आर्थिक स्थिति और युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों को लेकर व्यापक चर्चा हुई है।
उन्होंने कहा कि इन चर्चाओं के आधार पर पंजाब के विकास के लिए एक ठोस रोडमैप तैयार किया गया है। यह रोडमैप भविष्य में राज्य में बनने वाली एनडीए सरकार की कार्ययोजना का आधार बनेगा। गठबंधन का दावा है कि किसानों की चुनौतियों का समाधान, आर्थिक विकास और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना उसकी प्रमुख प्राथमिकताओं में रहेगा।
